डीएम और एसपी भोर में निकले सड़कों पर, सुरक्षा और इंतजामों का लिया जायजा साथ ही दिए दिशा निर्देश

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा ​​​​

UP Samachar Plus 

महराजगंज, 05 दिसंबर। जिले में ठंड के बढ़ते प्रभाव और सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना तड़के सुबह सड़कों पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और नगर पालिका व प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने रैन बसेरा प्रथम का निरीक्षण करते हुए वहां ठहरे यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति ठंड में बाहर न रहे। रैन बसेरे में आवश्यकतानुसार बिस्तर और कंबलों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में आने वाले यात्रियों का विवरण और सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था भी समय पर सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्तर पर सक्रिय है। उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देश दिया कि मैरेज हॉल, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डीजे और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्त करने और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर रमेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com